कानपुर देहात। अकबरपुर तहसील के विसायकपुर स्थित केमिकल फैक्टरी की बंदी का आदेश क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी की संस्तुति पर एसपीसीबी (राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) ने दिया है।
रनियां के खानचंद्रपुर में डंप 63 हजार मीट्रिक टन क्रोमियम कचरा का निस्तारण शुरू नहीं हो सका है। वहीं, विसायकपुर की स्पेक्ट्रो फोस्केम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी लगातार पांच साल से क्रोमियम कचरा इधर-उधर फेंक रही है, जबकि फैक्टरी संचालक ने कुंभी स्थित भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट से करार किया था। इसके बावजूद पांच साल से कोई अपशिष्ट निस्तारण के लिए नहीं भेजा। सात मार्च को क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी के निरीक्षण में करीब चार स्थानों पर हरे रंग का स्लज पाया गया।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी जेपी मौर्य ने बताया कि स्पेक्ट्रो केम फैक्टरी में क्रोमिक एसिड व बेसिक क्रोम सल्फेट बनता है। क्रोमियम कचरा इधर-उधर फेंकने की पुष्टि पर एसपीसीबी को संस्तुति भेजी गई थी। एसपीसीबी की ओर से फैक्टरी के बंदी का आदेश किया गया है। जल्द ही फैक्टरी बंद करा दी जाएगी।