जिला अस्पताल पुरुष में मरीजों के लिए तैयार किए गए ओपीडी कक्ष।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कोरोना महामारी के चलते पिछले साढ़े पांच माह से सरकारी अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिक में बंद चल रही ओपीडी व डायग्नोस्टिक सुविधा अब बहाल होंगी। शासन ने अब इन्हें खोलने के निर्देश बुधवार को जारी किए थे, लेकिन गुरुवार को ओपीडी नहीं खुल सकी। हालांकि पूरे दिन ओपीडी कक्षों को सैनिटाइज कराने का काम किया गया। मरीजों को आज से जिला अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी व डायग्नोस्टिक सुविधा सुचारू रूप से मिलनी शुरू होगी।
कोरोना महामारी के कारण मार्च माह के आखिर मेें पूरे देश में लॉकडाउन हो गया था। संक्रमण को रोकने के लिए आकस्मिक सेवाओं के अलावा सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में ओपीडी व अन्य डायग्नोस्टिक सेवाओं पर भी रोक लगा दी गई थी। इससे सामान्य मरीजों को दिक्कत हो रही थी। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब शासन स्तर से सभी सरकारी और निजी क्लीनिकों में ओपीडी, डायग्नोस्टिक व अन्य सेवाएं शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी की ओर से कुछ शर्तों के साथ जारी इस आदेश को तत्काल लागू कर दिया गया है। गुरुवार को अकबरपुर जिला अस्पताल पुरुष व महिला में ओपीडी कक्षों की सफाई कराकर सैनिटाइज कराया गया। जिला अस्पताल पुरुष के प्रभारी सीएमएस डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार से ओपीडी व डायग्नोस्टिक सेवाएं पूर्व की तरह सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चालू होंगी। डॉक्टर व कर्मचारियों को भी लिखित आदेश जारी कर दिया गया है।
ओपीडी में इन बातों का रखना होगा ध्यान
सरकारी अस्पताल व प्राइवेट क्लीनिकों मेें ओपीडी व डायग्नोस्टिक सेवाएं शुरू करने के दौरान कुछ सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी व निजी क्लीनिकों में आने वाले रोगियों, तीमारदारों और सभी चिकित्सा कर्मियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में पालन करना होगा। सैनिटाइजर का प्रयोग करना होगा। चिकित्सालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। चिकित्सालय को दिन में दो बार सैनिटाइज कराना होगा। रोगियों के साथ आने वाले तीमारदारों की संख्या सीमित रखनी होगी। सभी चिकित्सालयों में एक होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा, जहां संदिग्ध रोगियों को अलग किया जा सके। ताकि उनकी कोविड-19 जांच कर जरूरी उपचार किया जा सके।
शासन से सरकारी व प्राइवेट क्लीनिकों में ओपीडी व डायग्नोस्टिक सेवा शुरू करने का आदेश मिल गया है। सभी अस्पतालों के चिकित्सा प्रभारियों को गाइड लाइन का पालन करते हुए शुक्रवार से सेवाएं सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. राजेश कटियार, सीएमओ