सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर फिरोजाबाद के नरीरपुर भड़ाईपुरवा गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने बिठूर के नारामऊ बांगर निवासी रामबरन सिंह, पत्नी डॉ. अनुपम, बेटे पुनीत और राहुल पर एफआईआर दर्ज कराई है। गजेंद्र ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2020 में उनकी पुनीत से मुलाकात हुई थी।
पुनीत के पिता रामबरन ने खुद को रिटायर्ड पीसीएस अफसर बताकर सचिवालय में नौकरी का झांसा दिया। झांसे में फंसे गजेंद्र ने खुद की और आठ दस रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने के लिए एक करोड़ रुपये दे दिए। आरोप है कि ठग ने खुद का रुतबा दिखाने के लिए एक भाजपा नेता का हवाला देते हुए सबकी मुलाकात लखनऊ में एक बड़े अफसर से कराई थी। रुपये मांगने पर आरोपी ने एक मुकदमा भी दर्ज करवा दिया था। पीड़ित ने डीसीपी पश्चिम से गुहार लगाई जिसके बाद उनके आदेश पर बिठूर थाने में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।