जलालपुर प्राथमिक विद्यालय में झाड़ू लगाती बालिका। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का पठन पाठन सुचारु हो इसके शासन से निर्देश हैं। इसके लिए किसी भी तरह का काम कराने पर रोक है। बावजूद इसके अमरौधा के जलालपुर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से कक्षों की सफाई कराई जा रही है।
बुधवार को कक्ष में झाड़ू लगाती एक बालिका का वीडियो वायरल हो गया। इस पर प्रधानाध्यापक का तर्क है कि सफाई कर्मी नहीं आता है इससे बच्चे झाड़ू लगाते हैं। वहीं, शिक्षक देरी से स्कूल पहुंच रहे हैं।
अमरौधा ब्लॉक के जहांगीरपुर पंचायत के मजरा जलालपुर में प्राथमिक विद्यालय है। यहां शिक्षक मनमानी कर रहे हैं। देरी से आना और जल्द स्कूल बंद कर चले जाना हर रोज की बात हो गई है। यहां प्रधानाध्यापक सतपाल, सहायक अध्यापक रमेश और मनोज की तैनाती है। बुधवार को स्कूल का गेट बंद रहने से काफी देर तक बच्चे खड़े रहे। करीब साढ़े नौ बजे अध्यापक पहुंचे।
इसके बाद बच्चों से कक्षाओं की सफाई कराई गई। कक्ष में झाड़ू लगाती एक बालिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक देरी से आते हैं। वहीं बच्चों से परिसर व कक्षाओं की सफाई कराई जाती है।
प्रधानाध्यापक सतपाल ने बताया कि उन्हें बुधवार को आने में कुछ देरी हुई। इसके पहले सहायक अध्यापक मनोज स्कूल पहुंच चुके थे। सफाईकर्मी के नहीं आने से बच्चे कक्षा में सफाई करते हैं।
बीईओ आनंद भूषण ने बताया कि जलालपुर प्राथमिक विद्यालय में बालिका का झाडू़ लगाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले में बीएसए रिद्धी पांडेय से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं रिसीव हुआ।