जालौन जिले के उरई में बेसिक शिक्षा अधिकारी दफ्तर में कार्यरत लेखा विभाग के वरिष्ठ बाबू को झांसी से आई एंटी करप्शन की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने कुठौंद ब्लाक में कार्यरत शिक्षक की शिकायत पर कार्रवाई की है।
टीम बाबू को लेकर कोतवाली आ गई है। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि अभी मामले की लिखापढ़ी की जा रही है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुठौंद ब्लाक के भदेख गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत औरैया निवासी सहायक अध्यापक ओमजी राणा ने एंटी करप्शन टीम से दफ्तर के लेखा विभाग के वरिष्ठ बाबू विनय कुमार राना की शिकायत की थी।
आरोप है कि ओमजी के वर्ष 2020-21 के एरियर का भुगतान होना था, जिसके लिए लेखा विभाग के उक्त बाबू ने ओमजी से 15 हजार रुपये की मांग की थी। ओम के मुताबिक काम कराने की पूरी बात 12 हजार रुपये में तय हुई थी।
इसमें दो हजार रुपये वह एडवांस में दे चुका था। बाकी के 10 हजार रुपये देने के लिए वह मंगलवार को एंटी करप्शन की टीम के साथ बीएसए दफ्तर पहुंचा। सहायक अध्यापक ने बाबू को फोन किया तो उसने दफ्तर के बाहर ही पानी की टंकी के नीचे बुलाया।