पालिका स्टेडियम में महापौर ने प्रमिला पांडेय ने किया भूमि पूजन, फ्लड लाइट युक्त सहित होगा निर्माण
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में 16 मार्च की शाम से आचार संहिता लगने का पता चलते ही शुक्रवार को नगर निगम सहित विभिन्न विभागों ने आनन-फानन में कार्यादेश जारी करते हुए करीब 30 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, भूमिपूजन कराया। देर रात तक दफ्तर खुले रहे। ठेकेदारों को बुलाकर विकास कार्य करने के लिए अनुबंध किए गए। ठेकेदारों को 16 मार्च को सुबह तक हर हाल में कार्य शुरू करने और मौके से फोटो भेजने के निर्देश दिए गए हैं। डेढ़ सौ करोड़ से ज्यादा के टेंडर भी जारी किए गए। फिर भी करीब 418 करोड़ रुपये के विकास कार्य अटकने की आशंका है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, केडीए, जलकल विभाग आदि ने पिछले महीने से ही टेंडर प्रक्रिया तेज कर दी थी। इस दौरान विभिन्न विभागों ने 400 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए। 120 करोड़ से ज्यादा के कार्यों के लिए ठेकेदारों को कार्यादेश जारी करते हुए निर्माण की शुरुआत कराई गई। शुक्रवार को दोपहर में अफसरों को जैसे सूचना मिली कि 16 मार्च को शाम तीन बजे के बाद आचार संहिता लागू की जाएगी तो वे सक्रिय हो गए। नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के तहत करीब 146 करोड़ से बनने वाली पांच सड़कों के टेंडर जारी किए।