कानपुर। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आईफोरसी) के प्रतिबिंब पोर्टल के अलर्ट पर 2.64 लाख की ठगी का आरोपी बगाही भट्ठा से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे साइबर क्राइम ब्रांच ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने महाराष्ट्र के रहने वाले शक्ति प्रसाद सतपथी से लोन माफ कराने के नाम पर ठगी की थी। प्रतिबिंब पोर्टल आरोपी की लोकेशन बाबूपुरवा, किदवईनगर, नौबस्ता, गोविंदनगर की जानकारी दे रहा था।
साइबर क्राइम ब्रांच थाने में इंस्पेक्टर सतीश चंद्र यादव की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक प्रतिबिंब पोर्टल पर बाबूपुरवा, किदवईनगर, नौबस्ता, गोविंदनगर क्षेत्र का हॉट स्पॉट बन रहा था। महाराष्ट्र के शक्ति प्रसाद सतपथी से कुछ महीने पहले 2.64 लाख रुपये की ठगी लोन माफ कराने के नाम पर हुई थी। इस तरह की अन्य कॉल इसी क्षेत्रों से आ रही थी। प्रतिबिंब पोर्टल के हॉट स्पॉट की जांच की गई जिसके आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबर बगाही भट्ठा निवासी अंबर गुप्ता का निकला। पुलिस ने जानकारी जुटाकर उसके भाई श्रेष्ठ गुप्ता को गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि श्रेष्ठ गुप्ता भाई की आईडी पर मोबाइल चला रहा था। वह कुछ समय पहले मुंबई में बैंक का लोन कराता था। उसके पास लोन लेने वालों का मोबाइल नंबर था। आरोपी ने भाई के नाम के सिम का इस्तेमाल कर शक्ति प्रसाद सतपथी से ठगी की। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।