कानपुर। नौबस्ता-सागर हाईवे पर दोपहिया वाहन में पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट लगाना होगा। ऐसा न करने पर चालान किया जाएगा। यह निर्देश एडीजी ट्रैफिक के. सत्यनारायण ने सोमवार को निरीक्षण के दाैरान दिया। उन्होंने ब्लैक स्पॉट और अवैध कट बंद करने के साथ ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिना आरसी व इंश्योरेंस की 12 दोपहिया वाहन सीज कराए।
सड़क हादसों के मामलों में प्रदेश भर में सागर हाईवे तीसरे नंबर पर है। यहां आए दिन हादसे होते हैं। सोमवार को एडीजी ट्रैफिक के सत्यनारायण ने 60 किलोमीटर तक सागर हाईवे का जायजा लिया। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को जागरूक किया। ब्लैक स्पॉट और खतरे वाली जगहों पर बैरिकेडिंग करवाई। खस्ताहाल सड़क और हाईवे पर अतिक्रमण को चिह्नित कराया। घाटमपुर में एनएचएआई, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभागों के अधिकारियों संग हाईवे पर चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की रिपोर्ट ली। एडीजी ने बताया कि सड़क हादसे रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। पहले चरण में इस हाईवे पर दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। बाद में शहर में भी किया जाएगा। कई जगह अवैध कट हैं, उसको बंद कराने की प्रक्रिया जारी है। बाहर से फोर्स भी दिया गया है।