जिला पंचायत सदस्य चुनाव में हार की खुन्नस में युवक ने अपने 20 साथियों के साथ मिलकर उन्नाव के नवाबगंज में एक परिवार पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड व डंडों से वृद्ध उसकी पत्नी व बेटे समेत पांच लोगों को लहूलुहान कर दिया। मरणासन्न हालत में कानपुर हैलट ले जाते समय वृद्ध की मौत हो गई, बहू की हालत नाजुक है।
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक के पौत्र की तहरीर पर पुलिस ने 21 लोगों पर हत्या, हत्या के प्रयास समेत 10 गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। सलेमपुर गांव के मजरा लालाखेड़ा निवासी रोहितास कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार रात लगभग 8 बजे वह नवाबगंज कस्बा स्थित अपनी किराना दुकान से घर लौटा तो घर से चीख पुकार की आवाजें सुनाई दीं।
अंदर जाकर देखने पर जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में हार का सामना कर चुके गांव के गिरीश रावत अपने साथी राहुल, प्रमोद, धर्मेंद्र, राजेश, सुनील, गोविंद, रामखेलावन, सुनील व टिकवामऊ रामपुर के 10 अज्ञात लोगों के साथ परिजनों को डंडों व लोहे की रॉड से पीट रहे थे। पिटाई से बाबा श्यामलाल (60), दादी राजरानी (58) पिता विनोद (45), मां बिंदादेई (42) व बहन 20 वर्षीय पल्लवी घायल हो गईं।
सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। मरणासन्न हालत में बाबा श्यामकुमार को कानपुर हैलट ले जाया जा रहा था। रास्ते में उनकी मौत हो गई। मां बिंदादेई की हालत जिला अस्पताल में नाजुक है। मृतक के पौत्र रोहितास के अनुसार गिरीश रावत ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। जिसमें वह हार गया था। वह लगातार वोट न देने की बात कह ग्रामीणाें से मारपीट कर रहा था।
पौत्र रोहितास की तहरीर पर पुलिस ने गिरीश रावत समेत 9 ज्ञात व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, मारपीट समेत 10 गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सीओ आरके शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश की जा रही है।