कलेक्ट्रेट में डीएम की चौखट तख्ती डालकर जिंदा होने का प्रमाण देने पहुंचे बुजुर्ग
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले के ब्लॉक कबरई के पचपहरा गांव के छह बुजुर्ग मंगलवार को साहब मैं जिंदा हूं की तख्ती गले में डालकर डीएम की चौखट पहुंचे। उन्होंने खुद के जिंदा होने का प्रमाण देते हुए न्याय की गुहार लगाई। बताया कि डेढ़ साल से उन्हें वृद्घा पेंशन नहीं मिली। षड्यंत्र के तहत उन्हें कागजों में मृत दर्शाकर पेंशन बंद कर दी गई। जिससे वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ को जांच सौंपी है।
पचपहरा निवासी वृद्घ सरमन, नंदकिशोर, राकेश, कलिया, गिरजारानी व सुरजी गले में साहब मैं जिंदा हूं की तख्ती लटकाए घूमते नजर आए। यह बुजुर्ग अपने जिंदा होने की खुद गवाही देने के लिए मजबूर हैं। कलेक्ट्रेट पहुंचे बुजुर्गों ने डीएम मनोज कुमार को लिखित प्रार्थना पत्र के साथ हलफनामा भी सौंपा।