कानपुर। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कराई गई ग्राम पंचायत सचिव व क्लर्क ग्रेड की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने रविवार को सेंट्रल स्टेशन पर जमकर उत्पात किया। एक्सप्रेस ट्रेनों में जबरन घुसे इन अभ्यर्थियों ने न सिर्फ एसी कोच पर अपना कब्जा कर लिया, बल्कि महिलाओं और युवतियों के साथ भी अभद्रता की। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने लड़कों को एसी कोच से खींचकर बाहर किया। इलाहाबाद जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में दो मर्तबा चेन पुलिंग की गई। इसकी वजह से ट्रेन करीब तीस मिनट देरी से छूट सकी।
दोपहर बारह बजे से ही सेंट्रल के प्लेटफार्मों पर अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आने लगी थी। दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर ज्यों ही मुरी एक्सप्रेस दो नंबर प्लेटफार्म आकर रुकी, अभ्यर्थियों का हुजूम बोगियों पर टूट पड़ा। इसकी वजह से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार प्लेटफार्म नंबर चार नंबर पर आई राप्तीसागर, सात नंबर पर एनई, एक नंबर पर बरौनी और एलटीटी लखनऊ ट्रेनों में अभ्यर्थियों ने यात्रियों के साथ बदसलूकी की। प्लेटफार्म पर लगे ज्यादातर पंखों के नीचे भी उन्होंने दबंगई दिखाई और अन्य यात्रियों को वहां से हटने को मजबूर कर दिया।
नौ हजार ने छोड़ी ग्राम पंचायत सचिव की परीक्षा
कानपुर (ब्यूरो)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की रविवार को हुई ग्राम पंचायत सचिव की परीक्षा नौ हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ दी है। इसकी जानकारी आयोग को भेज दी गई है। हालांकि परीक्षा क्यों छोड़ी इसका पता नहीं चल सका। पंचायत सचिव की परीक्षा में 40 हजार 232 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। ग्राम पंचायत सचिव की लिखित परीक्षा रविवार को शहर के 76 केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 11:30 बजे के बीच कराई गई। सामान्य अध्ययन का पेपर आसान बताया गया। रीजनिंग और अंग्रेजी से संबंधित क्वेश्चन भी सरल रहे। हालांकि गर्मी ने अभ्यर्थियों को बेहाल कर दिया। कुछ केंद्रों पर पानी का इंतजाम ठीक नहीं था। इसको लेकर अभ्यर्थियों ने हंगामा भी किया। परीक्षा प्रभारी एवं एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से करा ली गई है। ज्यादा अनुपस्थिति की सूचना आयोग को भेज दी गई है।
आरपीएफ ने छुड़ाया एसी कोच
ट्रेन में घुसने के चक्कर में करीब 40-50 अभ्यर्थी हो हल्ला करते हुए मुरी केएसी कोच में घुस गए। इससे वहां बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुंची आरपीएफ ने कोच में घुसकर एक एक अभ्यर्थी को खींचकर बाहर किया।
दरवाजा पीटा, ट्रैक पार किया
भले ही रेल पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम का दावा किया हो, लेकिन ऐसा कुछ नहीं दिखा। मुरी ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने पर परीक्षार्थी रेंगती ट्रेन के सामने ही ट्रैक पार कर करते रहे। इतना ही नहीं जब घबराए यात्रियों ने भीतर से गेट बंद कर लिया तो अभ्यर्थियों ने जमकर गेट भी पीटा।