आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए खुशखबरी। अब आपको मुफ्त में रसोई गैस कनेक्शन मिलेगा। आम लोगों की तरह कनेक्शन लेने पर पड़ने वाली सिक्योरिटी मनी आपको नहीं देनी होगी।
इस तरह आपको एक सिलेंडर और रेगुलेटर फ्री में मिलेगा। इस योजना का लाभ सिर्फ बीपीएल कार्डधारकों को ही मिलेगा।
इस बारे में शहर के सभी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास ऑयल कंपनियों के आदेश आ गए हैं। गरीबों को मिलने वाली यह सुविधा शुरू हो गई है।
अगर कोई आम आदमी रसोई गैस कनेक्शन लेता है तो उसे सिलेंडर की सिक्योरिटी मनी 1450 रुपये और रेगुलेटर के 150 रुपये कुल 1600 रुपये देने होते हैं। चूल्हे और रबर पाइप का पैसा अलग से देना होता है।
अब बीपीएल कार्डधारक रसोई गैस कनेक्शन लेंगे तो उन्हें सिलेंडर की सिक्योरिटी मनी 1450 रुपये और रेगुलेटर के 150 रुपये नहीं देने होंगे। ये दोनों चीजें मुफ्त में मिलेंगी। बस सिलेंडर में भरी गैस का ही पैसा पड़ेगा।
चूंकि कनेक्शन लेते वक्त आधार कार्ड लिंक नहीं होगा इसलिए गैस के 749.50 रुपये देने होंगे। बाद में कनेक्शन आधार कार्ड से लिंक होने पर इस शुरुआती सिलेंडर की सब्सिडी खाते में आ जाएगी।
अगर बीपीएल कार्डधारक नया कनेक्शन लेते वक्त चूल्हा और रबर पाइप लेगा तो उसका भुगतान करना होगा। यदि बीपीएल कार्डधारक कनेक्शन जारी होने के बाद उसी कनेक्शन पर दूसरा सिलेंडर लेगा तो उसकी सिक्योरिटी 1450 रुपये देनी होगी।
आईओसी के सेल्स ऑफीसर प्रदीप कुमार ने बताया कि बीपीएल कार्डधारकों को नए कनेक्शन मुफ्त में देने का आदेश सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स को भेज दिया गया है।
इस तरह होगा आवेदन
कोई भी बीपीएल कार्डधारक नया कनेक्शन लेने के लिए संबंधित रसोई गैस एजेंसी से फार्म लेगा। इस फार्म के साथ बीपीएल कार्ड की फोटोकॉपी लगाते हुए एजेंसी पर असली कार्ड दिखाना होगा।
एजेंसी संचालक असली कार्ड देखकर फार्म पर मूल कार्ड से प्रमाणित की मुहर लगाते हुए फार्म सत्यापन के लिए डीएसओ दफ्तर भेजेगा। डीएसओ दफ्तर से सत्यापन के बाद फार्म एजेंसी पर आएगा।
यहां से लखनऊ स्थित मुख्यालय भेजा जाएगा। कनेक्शन जारी होने पर बीपीएल कार्ड पर स्टैंप लग जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने का समय तय किया गया है।