कानपुर देहात। अकबरपुर स्थित अनंतराज हॉस्पिटल में तय रेट से अधिक बिल वसूली करने पर सीएमओ ने संचालक को नोटिस जारी किया है। जवाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शाहजहांपुर के अवधेश तिवारी को बुखार आने पर परिवारीजनों ने उन्हें अकबरपुर स्थित कोविड अस्पताल अनंतराज हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। पांच दिन उपचार करने के बाद संचालक ने सादे कागज पर 90 हजार का बिल दे दिया।
शासन की ओर से निर्धारित रेट की अनदेखी कर बिल बनाया गया था। इसके साथ ही कंप्यूटराइज बिल नहीं दिया गया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बुधवार को अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर शासन की रेट लिस्ट की अनदेखी करने पर कड़ी नाराजगी जताई।
साथ ही संचालक से स्पष्टीकरण तलब किया है। जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतवानी दी है। निर्देशित किया है कि अस्पताल के बाहर रेट लिस्ट लगाई जाए। हर मरीज को कंप्यूटराइज बिल दिया जाए।