कानपुर देहात। पंचायतों में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए धनराशि जारी होने के बावजूद एडीओ पंचायत व ग्राम सचिव लाभार्थियों को किस्त भेजने में मनमानी कर रहे हैं। जिस पर डीपीआरओ ने अमरौधा ब्लॉक के एडीओ व ग्राम सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
अमरौधा ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवराहट में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए 68 लाभार्थियों को छह हजार रुपये की दर से चार लाख आठ हजार रुपये अप्रैल जारी किए गए थे।
दस माह बीतने के बाद भी एडीओ पंचायत हरिओम सक्सेना व ग्राम सचिव सचिन रस्तोगी ने लाभार्थियों को धनराशि आवंटित नहीं की। सीडीओ सौम्या पांडेय ने कई बार समीक्षा कर धनराशि जारी करने के निर्देश दिए।
14 फरवरी को ग्राम निधि छह में 2.70 लाख रुपये पड़े होने की जानकारी मिली। जांच में पाया गया कि 45 लाभार्थियों को अभी तक शौचालय निर्माण की पहली किस्त ही नहीं दी गई। वहीं 68 लाभार्थियों के सापेक्ष दूसरी किस्त की मांग भी जिला मुख्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
डीपीआरओ नमिता शरण ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना पर अमरौधा ब्लॉक के एडीओ पंचायत व ग्राम सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न देने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।