कानपुर। सीएम डैशबोर्ड में कमजोर प्रदर्शन और विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अफसरों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कई विभाग समय पर कार्य पूरा नहीं कर रहे। डैशबोर्ड पर आधे-अधूरे आंकड़े फीड कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। डीएम ने निर्देश दिए कि समयसीमा समाप्त होने के बाद भी लंबित 10 प्रमुख परियोजनाओं की सूची तैयार कर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किए जाएं। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुधार नहीं हुआ तो विभागीय कार्रवाई तय होगी।
छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा में सामने आया कि दो विद्यालयों ने एक भी छात्र का आवेदन नहीं कराया था। इस लापरवाही पर डीएम ने जिला अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग और समाज कल्याण अधिकारियों को सीधे कार्रवाई के निर्देश दिए। 15वें वित्त की धनराशि के उपयोग में भी घोर लापरवाही उजागर हुई। बिधनू विकास खंड में धन उपलब्ध होने के बावजूद खर्च न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और खंड विकास अधिकारी व एडीओ पंचायत बिधनू को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।