फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: नाला सफाई पर नहीं दिया ध्यान, अब कमियां ढूंढ रहे हुक्मरान

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। बीते वर्षों की तरह इस साल भी बारिश में शहरियों को जलभराव से दो-चार होना पड़ रहा है। इसका कारण है ढंग से विभिन्न नालों की सफाई न होना। नाले चोक होने से ही विभिन्न इलाकों में मानसून की दो बार की बारिश में जलभराव हो गया था। अगर नगर निगम नाला-नाली की सफाई के काम के दौरान ही कड़ाई करता तो ऐसी स्थिति नहीं आती। शहर के तलैया बनने के बाद अब महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय निरीक्षण कर जलभराव की कमियां तलाशने में जुटे हैं।
विज्ञापन

महापौर ने मंगलवार को गड़रियनपुरवा, फजलगंज, जेके मंदिर और सर्वोदयनगर क्षेत्र में नाला सफाई के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर दुकानदारों और भवन स्वामियों ने नालियों पर रैंप और पक्के निर्माण कर जलनिकासी का रास्ता बाधित कर रखा है। जेके मंदिर क्षेत्र में उन्होंने जेसीबी मंगवाकर अतिक्रमण हटवाया। कुछ लोगों ने विरोध का प्रयास किया लेकिन पुलिस बल देखकर वह शांत हो गए। महापौर ने अधिकारियों को कहा कि नाला सफाई में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

नगर आयुक्त ने परमट संपवेल, परमट मंदिर और शेल्टर होम के पास जलभराव वाले स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि परमट में नाला टैपिंग का काम तीन स्थानों पर किया गया है। यहां लगी जाली पर तैरता कचरा जमा होने से जलभराव होता है। तीन जुलाई को हुए जलभराव का मुख्य कारण नाले पर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से लगाया गया 1000 एमएम व्यास का गेट वॉल्व था। निर्माण के दौरान नाले के भीतर 350 एमएम व्यास की अस्थायी दीवार बनाई गई थी। इससे पाइपलाइन की जलनिकासी क्षमता कम हो गई और बैक फ्लो के कारण सड़कों पर पानी भर गया। अब दीवार हटा दी गई है।
विज्ञापन

नगर आयुक्त ने जोन-4 के जोनल अभियंता को निर्देश दिए कि नाले की जाली पर जमा होने वाले फ्लोटिंग मैटेरियल की सफाई के लिए 24 घंटे कर्मचारी तैनात किए जाएं। बाहर निकाले गए फ्लोटिंग मैटेरियल को भी तत्काल हटाया जाए। काम में जोनल स्वच्छता अधिकारी का सहयोग लिया जाए और वे चौबीसों घंटे सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करें। जलकल विभाग के महाप्रबंधक को भी गेट वाॅल्व पर लगातार कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। उन्होंने गली पिट की सफाई और मरम्मत कराने के साथ ही परमट मंदिर घाट की ओर वैकल्पिक मार्ग के लिए इंटरलॉकिंग और रिटेनिंग वॉल का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश भी दिया।
-



छह सफाई कर्मियों का कटेगा वेतन

निरीक्षण के दौरान परमट घाट के गेट वाॅल्व के पास बड़ी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट और गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दो दिन के भीतर मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र से सीएंडडी वेस्ट हटाने और एक सप्ताह का विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर, सीढ़ियों और घाट के आसपास गंदगी मिलने पर सफाई नायक रमेश और आउटसोर्स सफाई कर्मी विशाल, विनोद, ममता, वीर हजारिया व सोना की लापरवाही मानते हुए उनका एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें