कानपुर। सेंट्रल स्टेशन पर 21 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कुछ देर के लिए होल्डिंग एरिया में रोककर भेजा जाएगा। यह व्यवस्था प्लेटफार्म के साथ प्रीमियम, सुपरफास्ट ओर एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ के प्रबंधन को देखते हुए की गई है। पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी का स्टाफ तैनात रहेगा। मेमू के चार रैक रिजर्व किए गए हैं, जबकि 12 ट्रेनें रिशेड्यूल होकर चलाई जाएंगी।
नीट में शामिल होने के लिए कई जिलों से शहर में लगभग 26 हजार अभ्यर्थी आएंगे। स्टेशन पर भीड़ भाड़ और एकदम से भगदड़ की स्थित न हो उसके लिए भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। सेंट्रल स्टेशन पर अस्थाई होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां पर कुछ देर रोककर अभ्यर्थियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस की टीमें सेंट्रल, गोविंदपुरी, पनकी धाम, अनवरगंज स्टेशन पर तैनात कर दी गई हैं। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के साथ जांच कराई जा रही है। डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम के अलावा परीक्षार्थियों की हर सुविधा पर नजर रखी जा रही है। घंटाघर की तरफ अस्थाई होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यहां टैंट लगाकर परीक्षार्थियों के रुकने की व्यवस्था रहेगी। दो हेल्पडेस्क भी बनाई जाएगी, जो एक नंबर प्लेटफार्म और दूसरी एफओबी की ओर रहेगी। लखनऊ, प्रयारागज और झांसी में भी रिजर्व रैक रहेगी।
-
कासगंज-रावतपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेन
कानपुर। नीट 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष पहल की है। 21 जून को कासगंज और रावतपुर के बीच परीक्षा स्पेशल सवारी ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा के बाद घर लौटने में सहूलियत मिलेगी। इसमें 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 जून को सुबह 6 बजे कासगंज से रवाना होगी। यह ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा स्पेशल ट्रेन शाम 7 बजे रावतपुर से प्रस्थान करेगी। निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए यह ट्रेन अगले दिन रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी।
ये ट्रेनें आज से चलेंगी देरी से
- 15038 कासगंज जंक्शन-अनवरगंज एक्सप्रेस कासगंज से 15 मिनट देरी से चलेगी।
- 55345 लखनऊ-कासगंज ट्रेन अनवरगंज व फर्रुखाबाद के बीच 65 मिनट रुकेगी।
- 54156 फर्रुखाबाद- कानपुर सेंट्रल फर्रुखाबाद से 180 मिनट देरी से चलेगी।
- 55346 कासगंज - अनवरगंज ट्रेन कासगंज व फर्रुखाबाद के बीच 35 मिनट रुकेगी।
- 15037 अनवरगंज - कासगंज एक्सप्रेस अनवरगंज से 95 मिनट देरी से चलेगी
- 54155 कानपुर सेंट्रल-फर्रुखाबाद 8 व 9 जून को कानपुर सेंट्रल से 145 मिनट देरी से चलेगी।