कानपुर। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत नौकरी पाने वाले आठ नए कर्मचारियों को एचबीटीयू स्थित शताब्दी भवन आडिटोरियम में प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र दिए गए। नए कर्मचारियों के खातों में 15 हजार की पहली किस्त भी डाली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर खातों में रकम भेजी। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर के चंद्रहास का जिक्र किया। कहा कि वह ड्रोन बना रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान 700 से अधिक कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों को नियोक्ताओं ने आकर नियुक्ति पत्र दिए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरआइ) युवाओं और उद्यमियों दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। युवाओं को रोजगार के साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिल रही है।
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने कहा कि उद्योगों की स्थापना के साथ रोजगार बढ़ रहे हैं। किसान राम तो उद्यमी लक्ष्मण हैं। दोनों ही मिलकर काम कर रहे हैं। विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि नई नौकरियां देने पर उद्यमियों को भी लाभ मिल रहा है। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शाहिद इकबाल ने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पिछले वर्ष एक अगस्त से लागू की गई थी। इस योजना में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को दो किस्तों में 15 हजार रुपये का लाभ और नियोक्ताओं को एक हजार से लेकर तीन हजार रुपये तक का लाभ प्रतिमाह दिया जाता है।
दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर, उमंग अग्रवाल, रजत गुप्ता, बलराम नरूला, मनोज बंका, विजय कपूर, राजेश कुमार शुक्ला, उमेश शुक्ला आदि मौजूद रहे। वहीं, नियुक्ति पत्र पाने वाली अंकिता देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत विकास योजना के तहत पहली नौकरी जाॅइन करने पर 15 हजार रुपये इंसेंटिव की किस्त दी जा रही है। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और अवसर भी बढ़ेंगे। यश कुमार ने कहा कि पहले नौकरी मिलती थी तो पीएफ कम लोगों का कटता था। अब नियोक्ताओं को नौकरी देने पर प्रोत्साहन राशि भी मिल रही है तो सभी कर्मचारियों को पीएफ भी मिल सकेगा।
-
इन्हें मंच से मिला नियुक्ति पत्र
कानपुर। अंकिता देवी, तनीषा अरोड़ा, यश कुमार, अल्लामा अब्दुर्रहमान, प्रज्जवल तिवारी, दिव्यांश गौर, अंशिका यादव, रामजी श्रीवास्तव को उनके नियोक्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के मंच से नियुक्ति पत्र दिए।
-
फतेहपुर के चंद्रहास को पीएम ने दी प्रोत्साहन राशि
फतेहपुर के जहानाबाद निवासी चंद्रहास को प्रधानमंत्री ने दिल्ली में प्रोत्साहन राशि दी। पतंग उड़ाने के शौकीन चंद्रहास ने आईटीआई से फिटर का प्रशिक्षण लिया था। एक साल तक एचएएल में ट्रेनिंग की थी। बाद में उन्हें लोहिया एयरो स्पेस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी मिल गई। वह अब ड्रोन तैयार करते हैं।