भरथना। आनंद विहार से चलकर कानपुर जा रही नंदन कानन एक्सप्रेस को अचानक भरथना रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन के नीचे कोई पार्ट के लटके होने की सूचना पर ट्रेन को रोका गया था। रेल अधिकारी व आरपीएफ मौके पर पहुंची और ट्रेन की सभी बोगियों की जांच की लेकिन कहीं भी कुछ गड़बड़ नहीं पाया गया। इसपर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
बुधवार को आनंद विहार से कानपुर की ओर जा रही 12816 नंदन कानन एक्सप्रेस जब इकदिल स्टेशन से गुजर रही थी तो सूचना मिली कि ट्रेन के नीचे कोई पार्ट लटककर रगड़ते हुए जा रहा है। इस पर सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन की डाउन मेन लाइन पर रोक दिया गया। ट्रेन के रुकते ही स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार, पीडब्ल्यूआई निरीक्षक शोभित त्रिवेदी ने पूरी टीम के साथ ट्रेन की बारीकी से जांच पड़ताल की, जांच में कोई कमी नहीं मिली। इसपर ट्रेन को 12 बजकर 22 मिनट पर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। यह नॉन स्टाप सुपरफास्ट ट्रेन 32 मिनट तक मेन लाइन पर खड़ी रही।