भरथना। मल्होसी में नहर पुल के पास शुक्रवार सुबह 20 वर्षीय युवती का अधजला शव मिला। मौके पर झाड़ियां जली मिलने से आशंका है कि हत्या के बाद शव यहां जलाया गया है। जबकि पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव जलाकर यहां फेंका गया है। अभी तक युवती की शिनाख्त नहीं हुई है।
थाना क्षेत्र के मल्होसी नहर पुल के पास नगला मुलु गांव मार्ग किनारे खड्ड में युवती का अधजला शव शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे मिलने पर ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी। सीओ अतुल प्रधान और थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवती का चेहरा काफी जला हुआ था। लोगों ने पहचान करने का काफी प्रयास किया, लेकिन कुछ पता न चल सका। शिनाख्त नहीं होने पर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर झाड़ियां जली मिली हैं। इससे आशंका है कि शव को यहां लाकर जलाया गया है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 20 वर्ष होने का अनुमान है। थाने में युवतियों और महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज कराने वालों से भी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया है। अनुमान है कि मृतका पड़ोसी जनपद औरैया क्षेत्र की हो। शव जलाकर कहीं ओर से लाकर यहां फेंका गया है। पुलिस टीमें खुलासे में लगी हैं।