कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र की छात्रा का अपहरण कर प्रेमी, उसका बहनोई और भांजे अगवा कर एटा ले गए। दो दिन बाद उसे चूहेमार दवा खिलाकर छिबरामऊ के पास सड़क पर मरणासन्न अवस्था में फेंक दिया। परिजन आननफानन मेडिकल कॉलेज, तिर्वा ले आए। सोमवार को छात्रा ने वीडियो में तीनों आरोपियों के नाम लिए। फिर कुछ घंटे बाद ही छात्रा की मौत हो गई।
19 वर्षीय स्नातक की छात्रा 18 सितंबर को मार्कशीट लेने के लिए घर से निकली थी। देर शाम जब वह नहीं लौटी तो तो परेशान परिजन ने उसे खोजने का प्रयास किया। फिर परिजन कुसुमखोर पुलिस चौकी व सदर कोतवाली पहुंचे।
आरोप है कि पुलिस ने परिजन की एक न सुनी और छात्रा 20 सितंबर की दोपहर को छिबरामऊ के पास मरणासन्न हालत में मिली। परिजन ने आननफानन उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां वीडियो में छात्रा ने घटना के बारे में परिजन को बताया। इसके कुछ ही देर बाद सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजन बोले... तीन दिन तक टरकाती रही पुलिस
छात्रा की गुमशुदगी के बाद से ही पुलिस परिजन को टरकाती रही। चौकी और कोतवाली के चक्कर काटने के बाद भी पुलिस नहीं जागी। परिजन का कहना है कि जब तक दोषियों को कठोरतम सजा नहीं मिलती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रेमी, उसके बहनोई व भांजे के खिलाफ प्राथमिकी
छात्रा के पिता की तहरीर पर गांव के ही सुआलाल उसके बहनोई गुरसहायगंज क्षेत्र के मोनू और उसके बेटे हर्षित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके साथ ही एसीएसटी एक्ट की धारा भी लगाई गई है।
जांच सीओ सिटी सुरेश मलिक को सौंपी गई है। शुरुआती जांच में 18 सितंबर को छात्रा के किसी परिचित के साथ जाने की बात सामने आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छात्रा के मृत्यु पूर्व दिए गए बयानों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।-विनोद कुमार, एसपी