बांदा के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को धमकी मिलने के मामले के बाद जेल व वरिष्ठ जेल अधीक्षक के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स के कमांडो भी देर रात तक आ जाएंगे। माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के बाद एक अज्ञात फोन नंबर से वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा को जान से मारने की धमकी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर धमकी देने वालों की तलाश में जुटी है।
इस बीच जेल की बाहरी व वरिष्ठ जेल अधीक्षक के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां से पुलिस को हटाकर पीएसी के जवान लगा दिए गए है। किसी को भी बिना आईडी प्रूफ व जांच के जेल परिसर के अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। जेल में बंद नाते रिश्तेदार व परिजनों से मिलने आए मुलाकातियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। खासी जांच-पड़ताल के बाद उन्हें जेल में प्रवेश दिया जा रहा है।
इसके अलावा जेल के बाहर सादी वर्दी में जेल पुलिस कर्मी लगाए गए है। जो जेल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखे हुए हैं। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज ने कहा कि धमकी की जानकारी शासन-प्रशासन को दे दी गई है। जेल में वह पूरी तरह से सुरक्षित है।
इंटरनेट कॉलिंग एप कंपनी से मांगी जाएगी डिटेल
वरिष्ठ जेल अधीक्षक को धमकी दिए जाने के मामले की जांच इंस्पेक्टर कोतवाली करेंगे। प्रथमदृष्ट्या जांच के लिए धमकी दिए जाने वाले नंबर को सर्विलांस में लगाया गया है। इंटरनेट कॉलिंग एप कंपनी से भी डिटेल मांगी जाएगी। माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के कुछ घंटे बाद वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के सीयूजी नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी।
जिसमें अज्ञात कॉलर ने 14 मिनट की बाइट में जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी थी। इस प्रकरण पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद 31 मार्च को वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कोतवाली में अज्ञात कॉलर पर नंबर के आधार पर धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की कोतवाली इंस्पेक्टर अनूप दुबे जांच करेंगे। प्रथमदृष्ट्या नंबर को सर्विलांस में लगाया गया है। इंटरनेट कॉलिंग एप से कॉल किया जाना पता किया गया है। संबंधित कंपनी से डिटेल निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें काफी समय लगता है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है।