माफिया मुख्तार अंसारी के बांदा जेल में शिफ्ट होने के बाद कानपुर पुलिस उसका कानपुर से कनेक्शन तलाश रही है। इनपुट के मुताबिक माफिया के कुछ गुर्गे शहर में भी रहे हैं। वर्तमान में वो कहां हैं और उनकी गतिविधियां क्या हैं, ये पता किया जा रहा है।
अगर आपराधिक संलप्तिता मिलती है तो उन सभी पर कार्रवाई भी होगी। कानपुर में जब राजेश राय डीआईजी थे तब मुख्तार अंसारी का नाम यहां आया था। उस दौरान शातिर अपराधी शानू ओलंगा की हत्या हुई थी। हत्याकांड को रईस बनारसी ने अंजाम दिया था।
रईस मुख्तार के गैंग का शार्प शूटर था। डेढ़ साल पहले गैंगवार के दौरान वाराणसी में रईस मारा जा चुका है। वहीं बसपा नेता हिस्ट्रीशीटर पिंटू सेंगर हत्याकांड के आरोपियों का भी मुख्तार से कनेक्शन रहा है। दो आरोपियों का मुख्तार के सगे भाई से रिश्तेदारी है। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि अगर कोई कनेक्शन मिलेगा तो उसमें कार्रवाई की जाएगी। वहीं अगर कोई केस होगा तो उसमें मजबूत पैरवी की जाएगी।