फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांसद ने डीआरएम को लिखा पत्र, बोले रेल लाइन का शिलान्यास विधायक से कराया, मुझे क्यों नहीं बुलाया

Sun, 12 Jan 2020 01:02 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा राहुल शुक्ला, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी एवं कानपुर गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कानपुर के पनकी-भाऊपुर की चौथी रेल लाइन के शिलान्यास पर राजनीतिक रंग हावी हो गया है। भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने छह जनवरी को इसका शिलान्यास किया था। इस पर सांसद सत्यदेव पचौरी ने रेलवे के डीआरएम को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है।
विज्ञापन


उनसे पूछा है कि कार्यक्रम में उन्हें क्यों नहीं बुलाया गया। उधर, रेलवे के अधिकारियों ने यह सफाई दी है कि उनकी तरफ से कोई शिलान्यास कार्यक्रम नहीं आयोजित किया गया। अब यह जांच की जा रही है कि कार्यक्रम किसने आयोजित कराया। कानपुर-दिल्ली रेलमार्ग के पनकीधाम स्टेशन से भाऊपुर तक चौथी रेल लाइन का काम शुरू होना है।

रेलवे अफसरों के मुताबिक रेलवे की तरफ से इसके शिलान्यास की अभी कोई तारीख तय नहीं है। इसी बीच छह जनवरी को गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार के साथ शिलान्यास कर दिया। जब डीआरएम को सांसद का पत्र मिला, तो सेंट्रल स्टेशन के निदेशक हिमांशु शेखर उपाध्याय ने भी कहा कि कार्यक्रम रेलवे की ओर से आयोजित नहीं किया गया था।
विज्ञापन


 
विज्ञापन

पचौरी के पत्र का मजमून
डीआरएम को लिखे पत्र में सांसद पचौरी ने कहा है कि छह जनवरी को जहां शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, वह क्षेत्र कानपुर नगर और अकबरपुर संसदीय क्षेत्र में आता है। इसकी जानकारी क्षेत्रीय सांसद होने के नाते न तो उन्हें और न ही अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले को दी गई। यह अत्यंत आपत्तिजनक है। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाए कि इसकी पुनरावृत्ति न हो। साथ ही प्रकरण की जांच कराके दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कर अवगत कराएं।
 

रेलवे केंद्र सरकार का उपक्रम है। केंद्र की योजनाओं से प्रदेश सरकार या विधायक सुरेंद्र मैथानी से कोई लेनादेना नहीं है इसीलिए डीआरएम को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है। 
सत्यदेव पचौरी, भाजपा सांसद, कानपुर नगर

मुझे इस संबंध में कुछ भी नहीं कहना है। मामले की जांच में जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इससे अधिक मैं इस बारे में कुछ भी नहीं बोलूंगा।
सुरेंद्र मैथानी, भाजपा विधायक, गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें