कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम की दर्शक क्षमता बढ़ाने, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और अन्य विकास कार्यों में हो रही देरी पर सांसद रमेश अवस्थी ने शनिवार को खेल सचिव सुहास एल वाई से मिलकर चर्चा की। उन्होंने परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करवाने पर जोर दिया। कहा कि संपूर्ण प्रस्ताव को अगले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत किया जाए ताकि बजट समेत सभी पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक निर्णय लिया जा सके।
सांसद ने कहा कि स्टेडियम का विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाए और वर्तमान डीपीआर की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाए।
उन्होंने अहमदाबाद के स्टेडियम की तर्ज पर ग्रीनपार्क का अत्याधुनिक डिजाइन तैयार करने पर बल दिया। कहा कि ग्रीनपार्क को आईपीएल, कॉर्पोरेट मैच व अंतरराष्ट्रीय मैचों को देखते हुए उच्च मानकों के हिसाब से विकसित किया जाए। उन्होंने ग्रीनपार्क से सटी एनसीसी भूमि पर पीपीपी मॉडल में फाइव-स्टार होटल के निर्माण के प्रस्ताव को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की बात रखी। बैठक में मैच फीस, प्रबंधन व्यवस्था और भविष्य के संचालन को लेकर गहन चर्चा की।
सांसद अवस्थी ने सचिव से अनुरोध किया कि वह शीघ्र कानपुर का दौरा कर जमीनी समीक्षा करें ताकि अंतिम कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्यों को जल्द शुरू किया जा सके। उन्होंने मीडिया जोन को हाई-क्लास सुविधाओं से लैस करने और प्रत्येक स्टैंड का नवीनीकरण कराने को कहा।