रसूलाबाद। बिल्हौर-रसूलाबाद मार्ग पर असालतगंज स्थित एक डिग्री कॉलेज के पास शनिवार रात को तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नैनपुर कसमड़ा निवासी अतुल ने बताया कि भाई सत्येंद्र (35) पुत्र किशन स्वरूप मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मां रामदुलारी को पथरी की समस्या होने पर भाई परिजन के साथ उनको कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे। वहां डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी थी। इस पर शाम सात बजे भाई रुपये लेने के लिए कानपुर से घर के लिए निकले थे। रात में 11 बजे तक वह परिजन के संपर्क में रहे। इसके बाद संपर्क टूट गया। देर रात को पुलिस से जानकारी मिली कि असालतगंज के पास हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
उनको रसूलाबाद सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। सीएचसी में इलाज के दौरान भाई मौत हो गई। अनहोनी पर सत्येंद्र की पत्नी कशिश, भाई अतुल, मां रामदुलारी, बहन काजल रोने लगीं। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।