इटावा जिले में 28 पीएसी बटालियन के पांच जवानों समेत आठ लोगों में मंगलवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें एक प्रवासी श्रमिक और एक 12वीं का छात्र शामिल है। सभी को कोविड अस्पताल में भेजा गया है। सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने बताया कि मंगलवार को पॉजिटिव निकले व्यक्तियों में 28 पीएसी बटालियन के पांच जवान शामिल हैं।
इनमें एक 47 वर्ष का है, दो 48 वर्ष के हैं, एक 49 वर्ष का है, जबकि एक 50 वर्ष का है। इसके अलावा एक 44 वर्षीय व्यक्ति शहर के ड्रीमलैंड कालोनी का रहने वाला है। पंजाबी कालोनी करमगंज में रहने वाला 19 वर्षीय युवक कक्षा 12 का छात्र है।
ग्राम महानेपुर ब्लॉक बढ़पुरा का 45 वर्षीय पॉजिटिव ग्रामीण 13 जून को दिल्ली से लौटा था। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर 220 हो गई है। इनमें से 99 ठीक हो चुके हैं, जबकि आठ की मौत हो चुकी है। अभी 113 सक्रिय केस हैं।
मैनपुरी अंडरपास में फंसी एंबुलेंस
मंगलवार की शाम हुई जोरदार बारिश की वजह से मैनपुरी अंडरपास में जलभराव हो गया। इस वजह से पीएसी कॉलोनी से कोरोना पॉजिटिव मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस फंस गई। जानकारी मिलते ही नगर पालिका के सफाई निरीक्षक आनंद कुमार कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को जेसीबी से पानी से बाहर निकलवाया। फिर दूसरी एंबुलेंस से कोरोना मरीजों को अस्पताल भेजा गया। सभी को नारायण कॉलेज कोविड अस्पताल में भेजा गया है।
67 कोरोना संदिग्धों के सैंपल भेजे
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.एसएस भदौरिया ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल से 67 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजे गए हैं।