कानपुर के दक्षिण क्षेत्र में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। रविवार को उत्पाती बंदरों ने के-ब्लाक किदवई नगर में पीएनजी पाइप लाइन तोड़ दी। गैस रिसाव होने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आधे घंटे बाद पीएनजी कर्मियों ने मरम्मत कर लीकेज बंद किया।
के-ब्लॉक किदवई नगर में घर-घर पीएनजी कनेक्शन हैं। रविवार को उत्पाती बंदरों ने नरोत्तम निगम के मकान के बाहर लगी पीएनजी पाइप लाइन तोड़ दी। इससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। तेजी से गैस निकलने और बदबू फैलने से महिलाएं, पुरुष और बच्चे घरों से बाहर आ गए। करीब आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने पानी की बौछार कर गैस के प्रभाव को खत्म किया।
तब तक पीएनजी कंपनी के कर्मी सुनील सचान और रवींद्र कुमार पहुंच गए। उन्होंने आननफानन लीकेज को बंद किया। सुनील सचान के मुताबिक घरों को जाने वाली लाइन में प्लास्टिक का वॉल्व (टीएफ) लगा होता है। बंदरों के पाइप पर लटकने से टीएफ टूट गया, जिससे लीकेज हुआ।