महोबा के थाना खरेला के ग्राम बरायं में मोबाइल चार्जिंग पर लगाते समय करंट लगने से एक किशोर झुलस गया। परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला ले गए। लेकिन, डाक्टर न मिलने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी ले जाते समय रास्ते में किशोर की मौत हो गई।
ग्राम बरायं निवासी प्रेमशंकर (16) पुत्र झुग्गीलाल अहिरवार रविवार की सुबह करीब छह बजे मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड पर चार्जर लगा रहा था। तभी वह करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर गया।
परिजन प्रेमशंकर को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला ले गए। लेकिन, वहां डाक्टर ही नहीं मिला। हालत बिगड़ने पर परिजन किशोर को सीएचसी चरखारी ले जाने लगे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।