शासन ने जो नई गाइड लाइन जारी की है, उसमें सबसे अधिक सतर्कता और निगरानी ऐसे ही लोगों की करने की बात कही गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक बाहर से आने वाले किसी व्यक्ति की जांच नहीं कराई है, इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। बुधवार को सऊदी से हज यात्रियों की अंतिम फ्लाइट लौटी है। 11 दिनों में प्रदेश के 10 हजार यात्री सऊदी अरब से आए हैं। इनमें 384 यात्री कानपुर के हैं। खाड़ी देशों में मंकी पॉक्स की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा ब्रिटेन, स्विट्जर लैंड, यूरोप, अमेरिका से लोग शहर आ रहे हैं।
इन सभी देशों में मंकी पॉक्स फैला हुआ है, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने बाहर से लौटने वालों की सूची तैयार नहीं की है। इसी लापरवाही में कोरोना संक्रमण भी शहर आया था। अमेरिका से लौटा व्यक्ति कोरोना का पहला संक्रमित पाया गया था। लोगों का कहना है कि इसी तरह मंकी पॉक्स का संक्रमण आ सकता है। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि विदेश से आने वालों की सूची बनाकर जांच नहीं कराई गई है, गाइडलाइन के अनुसार जांच कराई जाएगी।