यूपी टीईटी 2 फरवरी को शहर के 45 परीक्षा केंद्रों पर होगा। परीक्षा के दौरान केंद्रों में मोबाइल ले जाने और आसपास फोटो कापी की दुकानों पर प्रतिबंध रहेगा। मुन्ना भाई व नकलचियों की धरपकड़ के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा से पहले व बाद में प्रवेश पत्र और केंद्रों को भेजे गए परीक्षार्थी के फार्म में फोटो व हस्ताक्षर का मिलान कर सभी परीक्षार्थियों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को सेंट जेवियर्स कालेज अशोक नगर में हुई एडीएम फाइनेंस शत्रुघ्न सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मुहम्मद इब्राहिम की बैठक में दी गई।
परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। उच्च प्राथमिक के लिए आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। प्राथमिक शिक्षकों के लिए आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक कराई जाएगी।
प्रवेश पत्र की त्रुटि के लिए करें संपर्क
यूपी टीईटी के प्रवेश पत्र में किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए परीक्षार्थी डीआईओएस कार्यालय चुन्नीगंज में डीआईओएस से संपर्क कर सकते हैं। प्रवेश पत्र upbasiceduboard.gov.in वेबसाइट से डाउन लोड किए जा सकते हैं।
परीक्षा से 2 घंटे पहले मिलेंगे प्रश्नपत्र
सीलबंद प्रश्नपत्र (शीट) केंद्रों को परीक्षा से 2 घंटे पहले जिला प्रशासन की निगरानी में भेजे जाएंगे। इस दौरान केंद्रों के आसपास सभी फोटो की दुकानें बंद रहेगी। उधर, देर शाम शुक्रवार को दोनों पालियों के प्रश्न पत्र ट्रेजरी कार्यालय में सुरक्षित रखे गए।