घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव किनारे स्थित तालाब में दो दिन से लापता युवक का शव पड़ा मिला। युवक शुक्रवार शाम दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। परिजनों के हत्या का आरोप लगाने पर पुलिस ने एक दोस्त को हिरासत में ले लिया तभी आक्रोशित भीड़ आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर मारपीट करने लगी।
पुलिस ने बीचबचाव की कोशिश की तो झड़प होने लगी तभी कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी पटककर आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली भेजा। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के इटर्रा गांव निवासी सोमवती (60) पत्नी स्व. शिव शंकर कुशवाहा के परिवार में बड़ा बेटा सूरज, उसकी पत्नी सुषमा, दो नाती दीपक, दिलीप व नातिन दीपिका हैं। जबकि छोटा बेटा सुरेंद्र (22) अविवाहित था। भाभी सुषमा ने बताया कि देवर सुरेंद्र की गांव के ही मोहित व कल्याणपुर निवासी चेतन से दोस्ती थी।
आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर से आए चेतन व मोहित खेतों में पानी लगाने की बात कहकर सुरेंद्र को साथ ले गए। शनिवार सुबह तक घर नहीं लौटने पर जब चेतन को फोन किया तो उसने रात में ही मोहित व सुरेंद्र के घर लौट जाने की बात कही।