कानपुर देहात के मंगलपुर थाने में आरपीएफ दरोगा समेत छह पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलपुर के एक गांव में रहने वाली युवती ने एसपी को बताया कि उसकी शादी रूरा के सरगांव बुजुर्ग निवासी आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) में दरोगा अश्वनी कुमार से तय हुई थी।
उसके पिता ने 11 हजार रुपये व मिठाई भी अश्वनी व उसके परिजनों को दी थी। पिछले साल 5 नवंबर को अश्वनी ने उसे कानपुर सेंट्रल बुलाया था। वहां उसे जोड़ी पायल भी दी थी। आरोप है कि 20 नवंबर को युवती उन्नाव एक रिश्तेदार के गई, तो अश्वनी वहां पहुंच गया। फिर उसे बहाने से एक कमरे में ले गया। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारारिक संबंध बनाए।