अपने दम पर कुछ कर गुजरने के हौसले के सहारे जिंदगी को आगे बढ़ा रही दिव्यांग नूपुर ने टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में 12 सवालों के सही जवाब देते हुए 12.50 लाख रुपये जीते हैं। वह इस धनराशि से पहले अपना घर बनवाना चाहती हैं।
उन्नाव की बीघापुर तहसील के छोटे से गांव कपूरपुर निवासी किसान रामकुमार सिंह मुन्ना व गृहणी कल्पना सिंह की बेटी नूपुर सिंह चौहान जन्म से ही पैरों से दिव्यांग हैं। नूपुर ने 12 सवालों के सही जवाब देकर 12.50 लाख रुपये जीते हैं। नूपुर ने बताया कि वह इस रकम से सबसे पहले अपना घर बनवाएंगी। घर का बाहरी हिस्सा कच्चा है, जिससे उसे आने-जाने में तकलीफ होती है।
एक सवाल के जवाब में बताया कि वह ट्राईसाइकिल पर बैठने से डरती है। इसी वजह से अब तक तीन लोगों से मिली ट्राईसाइकिल दूसरे जरूरतमंदों को दे दीं। अमिताभ बच्चन ने जब यह पूछा कि वह ट्राईसाइकिल पर बैठने से क्यों डरती हैं। तो बताया कि उसे लगता है कि अगर वह इसमें बैठीं तो फिर खड़ी नहीं हो पाएंगी।