संदलपुर। मंगलपुर क्षेत्र के एक गांव में अलाव जलाने के लिए सेंगुर नदी किनारे लकड़ी बीनने गई अनुसूचित वर्ग की बालिका से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। शोर सुनकर लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने पीड़िता को सीएचसी हवासपुर भेजा। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मंगलपुर थाने के एक गांव निवासी अनूसूचित वर्ग की दस वर्षीय बालिका बुधवार शाम करीब चार बजे सेंगुर नदी के किनारे लकड़ी बीनने गई थी। वहां मौजूद गांव के अनिल ने उससे दुष्कर्म किया।
बालिका के चिल्लाने पर आसपास मौजूद चरवाहे पहुंचे तो आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने पीड़िता के परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे मंगलपुर इंस्पेक्टर को पीड़िता के पिता ने बताया कि अलाव के लिए लकड़ी लेने दस वर्षीय बेटी सेंगुर नदी किनारे गई थी। इसी दौरान गांव के ही अनिल से उससे दुष्कर्म किया।
इधर सीओ डेरापुर शिवा ठाकुर ने घटना स्थल का मुआयना किया। इसके साथ ही मंगलपुर इंस्पेक्टर को आरोपी की गिरफ्तारी व पीड़ित बालिका के इलाज के निर्देश दिए।
मंगलपुर इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह ने बताया कि छानबीन करने के साथ ही साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।