दुष्कर्म के बाद जिस युवती की हत्या की गई उसका केस निर्भया का केस लड़ने वाली अधिवक्ता सीमा समृद्घि लड़ेंगी। इसके लिए वह पीड़ित परिवार से कोई भी फीस नहीं लेंगी। उनकी पूरी टीम ने गुरुवार से ही केस से संबंधित दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिये हैं।
अधिवक्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात भी की। उनके साथ फेसबुक लाइव कर प्रदेश सरकार से मामले की जांच एसआईटी या सीबीआई से कराने की मांग की है। दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात की जानकारी होने के बाद गुरुवार को अधिवक्ता सीमा समृद्घि बिल्हौर स्थित पीड़िता के घर पहुंचीं।
पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। कुछ देर पहले प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। उनका कहना था कि अपराधी बेखौफ होकर जेल गया और जो पीड़ित हैं उन पर लाठी चार्ज किया गया।
सीमा का कहना है कि ये केस वह खुद और उनकी पूरी टीम मिलकर लड़ेगी। उनकी टीम के कई अधिवक्ता कानपुर के हैं। जिनको इस बारे में पूरी जानकारी दे दी गई है। सीमा बोलीं कि आरोपी को सजा दिलाने तक चैन की सांस नहीं लूंगी। पीड़ित परिवार के साथ फेसबुक लाइव किया।