बमहैया गांव में मूर्ति लगने के बाद माल्यार्पण करते भीम आर्मी को कार्यकर्ता। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। बमहैया गांव में लगी आंबेडकर प्रतिमा को शरारती तत्वों ने मंगलवार की रात में क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने नई प्रतिमा लगवाते हुए दो नामजद व उनके परिवारीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के बमहैया गांव निवासी रामनाथ के खेत में लगी आंबेडकर प्रतिमा को मंगलवार की रात गांव के ही शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी होने पर भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सुनील यादव कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंच गए। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची।
आनन फानन में रात में ही नई मूर्ति मंगवाकर लगवा दी गई। रामनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रमोद सिंह, उसके भाई रामनरेश व अन्य परिजनों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। जब उसने विरोध किया तो जातिसूचक गालियां दी।
थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि दो नामजद व उनके परिजनों के खिलाफ प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने, एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीणों के सहयोग से नई मूर्ति लगवा दी गई है।