कानपुर में नौबस्ता हंसपुरम ए ब्लॉक में रहने वाले मिमिक्री आर्टिस्ट अर्पित सैनी ने फेसबुक पोस्ट पर अपनी मौत के लाइव टेलीकास्ट का समय लिखकर हड़कंप मचा दिया। पोस्ट की जानकारी पर सक्रिय हुई नौबस्ता थाना पुलिस ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला।
पुलिस को सामने पाकर युवक इंपेक्टर से लिपट कर फफक पड़ा। मिमिक्री आर्टिस्ट की पोस्ट पर ताबड़तोड़ लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने पोस्ट शेयर की तो पुलिस के अधिकारियों का ध्यान गया।
अर्पित ने पोस्ट में लिखा कि 'आज रात 12 बजे मेरी मौत का लाइव टेलीकास्ट होगा'। उसने यह पोस्ट रात करीब 11 बजे की। थाना प्रभारी अमित भड़ाना भी फोर्स संग उसे इलाके में खोजने लगे। इस बीच 12 बजने का तनाव भी उनके चेहरे पर साफ देखने को मिला।
12.02 बजे उन्होंने अर्पित का घर खोज निकाला। अर्पित इंस्पेक्टर से लिपट कर रोने लगा, जिसे इंपेक्टर समझा बुझा कर साथ ले गए। उन्होंने बताया कि युवक के पोस्ट डालने की वजह जानने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।