यूपी के कानपुर में गुरुवार सुबह सड़क हादसा हुआ। पिकअप का टायर बदल रहे दूध व्यापारी को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर के बिधनू में गुरुवार सुबह रमईपुर चौराहे पर पिकअप का टायर बदल रहे दूध व्यापारी को मौरंग लदे ट्रक ने कुचल दिया। व्यापारी की मौके पर मौत हो गई। फतेहपुर बुढ़वा जहानाबाद निवासी कुलदीप प्रजापति (30) दूध का व्यापार करते थे। परिवार में पत्नी सुभद्रा, दो बेटे आर्यन और कार्तिक हैं। बड़े भाई शिवबदन ने बताया कि कुलदीप गुरुवार तड़के पिकअप में दूध लादकर कानपुर बेचने गए थे।
विज्ञापन
वापस लौटते समय रमईपुर चौराहे पर पिकअप का टायर पंचर हो गया। टायर बदलते समय कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार मौरंग लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। जिसमें कुलदीप की मौके पर मौत हो गयी। घटना के बाद भाग रहे ट्रक का क्षेत्रीय लोगों ने पीछा किया। जिसपर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
सड़क हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। बिधनू थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी।