तीन माह पहले ममेरी बहन की सहेली से हुई दोस्ती के बाद युवक ने युवती से शादी करने की जिद की। साथ ले जाने के लिए युवती के शहर में आलू थोक स्थित मकान पर शनिवार आधीरात के बाद घुस गया। युवती ने इन्कार कर दिया तो गुस्से में युवक बाहर निकल आया। इसके बाद फिर से घर में घुसा लेकिन इस बीच युवती के परिजन जाग गए। पड़ोसी मकान में कूदकर कमरे के अंदर जाकर युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक पर हरपालपुर कोतवाली में तीन मामले भी दर्ज हैं।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बरनई चतरखा निवासी नफेदार उर्फ कन्हैया (25) की ममेरी बहन की दोस्त शहर के आलू थोक में रहती हैं। इस युवती से कन्हैया की नजदीकियां बीते डेढ़ माह से थीं। नफेदार शनिवार आधीरात के बाद लगभग ढाई बजे युवती के घर में घुस गया और शादी के लिए साथ चलने का दबाव बनाने लगा। इन्कार करने पर युवक तमतमाता हुआ बाहर निकला और कुछ ही देर में फिर से घर में घुस गया। इस बीच युवती के परिजन को आहट मिली। चोर समझकर उन्होंने शोर मचाया तो नफेदार पड़ोस में रहने वाले नंदकिशोर प्रजापति के घर में कूद गया। घर के बिल्कुल अंदर बने कमरे में जाकर उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। यहीं तमंचे से दायीं कनपटी पर खुद को गोली मार ली।
खिड़की तोड़कर अंदर घुसे लोगों ने युवक की मौत हो जाने की सूचना यूपी 112 पर दी। शुरूआती जांच में युवक को चोर ही समझा जाता रहा लेकिन युवती के घर के पास खड़ी मिली बाइक के पंजीकरण संख्या के आधार पर परिजन से संपर्क किया गया। इसके बाद पूरी बात सामने आई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि युवती ने भी कन्हैया से परिचित होने और रात में उसके घर आने की बात स्वीकारी है। मामला खुदकुशी का है। युवक के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके से बरामद तमंचा भी पुलिस के कब्जे में है।
मामा की बाइक लेकर आया था कन्हैया
पुलिस के मुताबिक, कन्हैया के माता-पिता की मौत हो चुकी है। लंबे समय से वह अपने मामा के साथ बरनई चतरखा में रह रहा था। बड़े भाई अमित की शादी हो चुकी है। वह परिवार सहित अलग रहते हैं। कन्हैया मामा के साथ ही रहता था। खास बात यह है कि बाइक की चाबी कन्हैया के मामा के पास ही थी। पोस्टमार्टम हाउस में भी उन्होंने बाइक की चाबी अपने पास दिखाई। कन्हैया कैसे उनकी बाइक लेकर गया इसकी जानकारी उनको भी नहीं है।
सात मिनट में ही हो गया सब कुछ
घटना का पता चलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक कैमरे में कन्हैया 2:39 बजे युवती के घर के अंदर घुसता नजर आ रहा है। इसके 59 सेकेंड बाद कन्हैया घर के बाहर आया और कुछ ही सेकेंड में फिर से घर के अंदर चला गया। युवक के भागते और पीछे से दो तीन लोगों के आने की तस्दीक भी फुटेज में हो रही है। इसके बाद 2:46 बजे यूपी 112 पर चोर आने और कमरे में घुसकर खुद को गोली मार लेने की सूचना मिलती है। इस बीच 2:47 बजे ही कोबरा टीम भीड़ लगी देख रुक गई और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। रात में ही पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।