शादी से एक दिन पहले दहेज में 10 लाख रुपये की मांग वर पक्ष के लोगों ने कर दी। वधू पक्ष के लोगों ने यह मांग पूरी कर पाने में असमर्थता जताई। कई दिन तक चले सुलह-समझौते की कोशिशें नाकाम होने पर अब युवती की मां की शिकायत पर युवक और उसके माता-पिता समेत छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि बेटी की शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के पसनेर निवासी हरिओम मिश्रा के साथ तय की थी। दावा है कि गोद भराई और तिलक कार्यक्रम में 10 लाख रुपये हरिओम और उनके परिजनों को दिए थे। 12 मई को शादी होनी थी। आरोप है कि 11 मई को हरिओम और उनके परिजनों ने फोन कर दहेज में 10 लाख रुपये मांगे। रुपये न मिलने पर शादी करने से इन्कार कर दिया। महिला का दावा है कि उसने काफी समझाने का प्रयास भी किया लेकिन वर पक्ष के लोग नहीं माने और शादी नहीं हुई।