उदी। पछायागांव थाना क्षेत्र के जैतपुरा के पास उदी-आगरा रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आकर अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उक्त थाना के कुम्हेरा गांव निवासी राजवीर उर्फ राजू (55) पुत्र श्याम सिंह घर से शनिवार दोपहर टीवी की मरम्मत के लिए जैतपुरा बाजार गए थे। टीवी को मिस्त्री के पास डालकर जब वह घर जा रहे थे। तभी शाम छह बजे रेलवे ट्रेक पार करते आगरा की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।(संवाद)
.......................................
ट्रेन से कटकर वृद्धा की मौत
इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी मुन्नी देवी (61) शुक्रवार शाम बाजार जाने के लिए मोहल्ले के सामने स्थित दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पार कर रही थीं। तभी ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। मुन्नी देवी के कटने की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी पर पहुंची जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।(संवाद)