शिवली। कोतवाली क्षेत्र के गौरी-धरमपुर के बीच सड़क पर एचटी लाइन का तार टूट कर गिर गया। करंट दौड़ते तार की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। इधर करंट प्रवाहित होने की वजह से बाइक जल गई और युवक का निचला हिस्सा भी जल गया। हादसे की जानकारी पर आक्रोशित परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के बाघपुर के मजरा धरपुर निवासी सुदामा (36) तेल की फेरी लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार की रात वह परचून का सामान लेने के लिए बाइक से गौरी गांव जा रहा था। गौरी और धरमपुर के बीच टूटे पड़े 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार में उसकी बाइक फंस गई। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण बाइक जल गई वहीं सुदामा की करंट लगने से मौत हो गई। बाइक जलने से उसका निचला हिस्सा भी जल गया। इधर रात में गुजरे राहगीरों ने युवक व बाइक जली पड़ी देख हादसे की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। पुलिस लाइन बंद कराने के बाद सुदामा को लेकर सीएचसी पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर अनहोनी की जानकारी पर पहुंची मां रामावती, बहन अंजू, मोना, सोना, सुरभि, भाई भूरा,अजय, पंकज, जितेंद्र बिलखते रही। मां ने बताया कि सुदामा अविवाहित था। वह घर की जिम्मेदारी संभाले था। परिवार के लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। एसडीआई ईश्वर चंद्र तिवारी ने बताया कि बूंदाबादी के दौरान बिजली का तार टूटने से हादसा हुआ है। मौके पर जेई ने जाकर जांच की है। कोतवाली प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लापरवाहों पर होगी कार्रवाई, पीड़ित को दिलाया जाएगा मुआवजा
शिवली। करंट लगने से युवक की मौत की जानकारी पर शनिवार शाम पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। यहां पर उन्होंने पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक मदद दी। साथ ही आश्रित को पांच लाख रुपये का मुआजवा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। पूर्व सांसद के सामने ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि घटना के बाद एसडीओ व जेई को फोन किया लेकिन उन लोगों ने बिजली नहीं काटी। इसके बाद लोगों ने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद बिजली काटी गई। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने जिलाधिकारी को बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों का हवाला देते हुए पत्र लिखा है। इस दौरान गौरव शुक्ला, आशीष अग्निहोत्री, शेखर तिवारी, हर्षित मिश्रा, हर्षित तिवारी आदि रहे।