कानपुर देहात। विधानसभा चुनाव आते ही दावेदार टिकट पाने की हर जोर-आजमाइश में लगे हैं। इसी बीच भाजपा की सदर विधायक के सपा में शामिल होने का मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर विधायक ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और सपा में शामिल होने के कयासों को सिरे से नकार दिया।
जिले की अकबरपुर-रनियां सदर सीट से मौजूदा समय में भाजपा की प्रतिभा शुक्ला विधायक हैं। मंगलवार को उन्हें व्हाट्सएप व फेसबुक के माध्यम से जानकारी मिली कि लोग उनके सपा कार्यालय में होने की पोस्ट वायरल कर रहे हैं।
जिसके बाद विधायक ने वीडियो बनाकर व्हाट्सएप ग्रुपों व अन्य सोशल माध्यमों पर वायरल किया। जिसमें विधायक प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि कुछ विरोधी भ्रामक तौर पर उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने का मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।
इसमें किसी भी प्रकार की सच्चाई नहीं है। वह आजीवन भाजपा से जुड़ी हैं। ऐसे लोग असत्य खबरें प्रसारित न करें, अन्यथा मानहानि का मुकदमा दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि उन्हें भाजपा की सदर विधायक के पार्टी में शामिल होने संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं है।