उत्तर प्रदेश के जनपद फतेहपुर में जमीन के विवाद में बुधवार रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। एक पक्ष से मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें गांव में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
हथगाम थाना क्षेत्र के बांभीपुर बुधड़ा गांव निवासी रामनरेश ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गया था। घर के बाहर पड़ोसी शिवदत्त पक्ष के लोग गाय बांधते हैं। गंदगी की वजह से गाय बांधने से रोका गया था। तभी दूसरे पक्ष के लोग नाराज होकर गाली गलौच करने लगे।
दोनों की दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई की
आरोप है कि विरोध करने पर शिवदत्त, कमलेश, राकेश, अनूप और कंधई तमंचा, लाठी डंडे, कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे। उन लोगों ने पत्नी शिवपति को घर से घसीट लिया। चीख पुकार मचाने पर बेटी आरती पहुंची। दोनों की दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई की। पत्नी का पैर फैक्चर हो गया। कुल्हाड़ी से हमला कर सिर फोड़ दिया। बीच बचाव में बेटी के सिर में भी कुल्हाड़ी मारी। घायल मां-बेटी रात को थाने पहुंची।
पुलिस ने दोनों को हथगाम सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी से डाक्टरों ने हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल आरती ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी नाक की कील, मोबाइल, दस हजार रुपये आरोपी छीन ले गए हैं।
दूसरे पक्ष के शिवदत्त ने बताया उसकी पत्नी से मां बेटी मारपीट कर रही थी। तभी दोनों पक्षों से मारपीट हुई है। थानेदार विजय राय ने बताया कि मारपीट के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल कराने की कार्रवाई की जा रही है।