चुलबुली मस्तानी कनपुरिया स्वाती कपूर टेलीविजन के ‘वी’ चैनल में धूम मचा रही हैं। स्वाती ने इस चैनल पर हाल ही में शुरू हुए सीरियल ‘मस्तानगी’ के जरिए कुछ ही दिनों में युवाओं के बीच अपनी जगह बना ली है।
‘अमर उजाला’ से हुई खास बातचीत में स्वाती ने बताया कि सीरियल में वह पाकिस्तानी लड़की उदिता की भूमिका निभा रही हैं। सीरियल इसी महीने 18 जनवरी को शुरू हुआ है।
स्वाती मालरोड की रहने वाली हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा डॉ. वीरेंद्र स्वरूप मेमोरियल स्कूल से पूरी हुई। इसके बाद फैशनेबल स्टाइल और मॉडल लुक वाली स्वाती कुछ कर गुजरने के लिए मुंबई चली गईं।
आगे की पढ़ाई भी स्वाती ने मुंबई से ही की। स्वाती ने बताया कि तीन-चार साल पहले उन्हें टीवी सीरियल के ऑडीशन के लिए चांस मिला। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड कलाकार आशुतोष राणा के साथ टीवी सीरियल ‘काली एक अग्निपरीक्षा’ में काम किया। टीवी सीरियल ‘हमारी सास लीला’ में भी बढ़िया रोल मिला।
स्वाती ने बताया कि कुछ महीने पहले ‘मस्तानगी’ में उदिता का रोल मिला तो वह खुद को रोक नहीं पाईं। यह सीरियल एक ऐसी लड़की की कहानी है जो पाकिस्तान से है और अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए कुछ भी कर सकती है। स्वाती ने बताया कि सीरियल सोमवार से शनिवार तक शाम 6 बजे से देखा जा सकता है।
सीरियल युवाओं के पैशन, कालेज लाइफ, प्यार, और जिंदगी के उतार चढ़ाव पर आधारित है। स्वाती ने बताया कि उनका परिवार अभी भी कानपुर में ही रहता है।