सरवनखेड़ा। पियासी गांव निवासी विवाहिता ने शनिवार को घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के मायके व ससुराल पक्ष ने कोई कानूनी कार्रवाई न करने की बात पुलिस को लिखित में दी। इस पर पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गजनेर क्षेत्र के पियासी गांव निवासी छोटी (35) पत्नी छोटे कुशवाहा ने शनिवार को घर के अंदर कमरे में पंखे के कुंडे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी। ग्रामीणों में चर्चा रही कि मृतका मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
महिला की मौत पर किसी ने डायल 112 में फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। इस पर गजनेर थाने से एसआई उमेश शर्मा मौके पर पहुंचे। इस दौरान मृतका के पिता बाबूराम निवासी कोड़ा जहानाबाद जनपद फतेहपुर भी गांव आ गए।
मायके व ससुराल पक्ष ने कानूनी कार्रवाई न करने की लिखित तहरीर पुलिस को दी। मृतका के दस वर्ष का एक बेटा व आठ वर्ष की बेटी है। थानाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि लिखित तौर पर कानूनी कार्रवाई न करने की बात परिजनों ने कही है। इस पर अंतिम संस्कार के लिए शव उनको सौंप दिया गया।