रसूलाबाद। ज्योड़ी गांव में आयोजित तिलक समारोह में भोजन करने के बाद कई लोग बीमार हो गए। उल्टी दस्त की शिकायत पर कुछ लोगों का इलाज रसूलाबाद सीएचसी में कराया गया। वहीं कुछ लोगों ने अपना इलाज पहाड़ीपुर में निजी चिकित्सक से कराया।
पहाड़ीपुर के मजरा ज्योड़ी गांव निवासी राकेश यादव के पुत्र शिवम यादव का 25 नवंबर को तिलक समारोह था। शिवम के चाचा बलवीर यादव ने बताया कि तिलक समारोह में लगभग 1200 से अधिक लोग आमंत्रित थे।
भोजन के बाद शैलेश (50), लाखन (40), रानी देवी (45), कमला (60), किताब श्री (50), प्रियंका (18), गुंजन (14), नीरज (35), मंजूषा (40), रामसागर (60), राजेश (45), सुनील (32) सोमवार को तेज पेट दर्द, उल्टी दस्त की शिकायत होने के कारण सीएचसी में भर्ती हुए। सभी का इलाज डॉ. सौरभ शाक्य की निगरानी में चल रहा है।
वहीं, रविवार की रात को बुझवा निवासी अनिल (35), शिवा (13), राजा सिंह (60) रामकुमार (42) सीएचसी में भर्ती हुए थे। सोमवार को सभी मरीजों को छुट्टी दे दी गई। डॉ. सौरभ शाक्य ने बताया कि भर्ती हुए मरीजों ने तिलक समारोह में खाना खाने के बाद पेट दर्द तथा उल्टी दस्त होने की बात बताई है। यह फूड पॉइजनिंग के लक्षण हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष मिश्रा को रविवार की देर रात ज्योड़ी गांव के प्रधान ने कुछ लोगों के बीमार होने की सूचना दी थी। डॉ. आशीष ने बताया कि 50 लोगों का इलाज कर दवा दी गई है।