सुमेरपुर क्षेत्र में बिरखेरा व पारा रैपुरा के मध्य नलकूपों को गई हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। घटना में 15 किसानों की 26 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बिरखेरा प्रधान अशोक यादव ने घटना से लेखपाल को अवगत कराया है। दूसरी घटना में दोपहर करीब एक बजे उद्योग नगरी में पुलिस चौकी के पीछे संचालित आरा मशीन में लगी आग से एक लाख से अधिक कीमत की इमरती लकड़ी जलकर राख हो गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
खेत में टूटकर गिरा एचटी लाइन का तार, फसल जली
इस्लामपुर गांव में शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। बिजली चालू होने की वजह से तार से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस्लामपुर गांव निवासी किसान आनंद ने 10 बीघा खेत में गेहूं की फसल बोई थी। उन्होंने बताया कि उनके खेत के ऊपर से 67 नंबर नलकूप से जगदेव के प्राइवेट नलकूप के लिए हाईटेंशन लाइन निकली है। एचटी लाइन का एक तार टूटकर खेत में गिर गया। चिंगारी से गेहूं की फसल में आग पकड़ ली। आग में उनका एक बीघा से अधिक खेत पूरी तरह जल गया।
धू-धूकर जली आठ बीघा गेहूं की फसल
इटावा जिले में भरथना क्षेत्र के गांव मल्होसी में दोपहर को गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीण व किसान जब तक कुछ समझ पाते तब तक आठ बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीण सुनील कुमार,विमलेश कुमार,रणवीर, राजेंद्र व जगदीश की आठ बीघा फसल जलकर राख हो गई है। ग्रामीणों ने दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया आग कैसे लगी इसके कारणों का पता नहीं चल सका है।
किसानों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया
खेत के आसपास बिजली के तार भी नहीं हैं। वहीं, उदी के बीहड़ में शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लग गई। बीहड़ से सटे गेंहू के खेत की तरफ आग के पहुंचने से किसानों में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ किसानों ने एक जुट होकर आग बुझाने के उपाय शुरू कर दिए। उबड़ खाबड़ क्षेत्र होने के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग के समीप तक नहीं पहुंच सकी। किसानों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।