कानपुर देहात। लॉकडाउन में मनरेगा के काम शुरू करा दिए गए हैं। पांडु नदीं की सिल्ट सफाई और तालाबों की खुदाई व सफाई का काम चालू करा दिया गया है। पांडु नदी की सिल्ट सफाई के लिए 40.74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं दो ब्लाकों के 67 तलाबों में से 18 व 97 नालों में 30 पर मनरेगा से काम शुरु हो चुका है।
लॉकडाउन में मनरेगा मजदूरों को रोजगार देेने के लिए शासन की ओर से निर्देश दिए गए थे। इस पर जिले में रायपुर से निकली पांडु नदी की सिल्ट सफाई के लिए 40.74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शुक्रवार से काम शुरू कर दिया गया है। सीडीओ जोगिंदर सिंह ने बताया कि मजदूरों को काम देने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
रसूलाबाद व मैथा में खुदाई के लिए चिह्नित किए गए 67 तालाबों में 18 पर काम शुरू कर दिया गया है। तीन तालाबों की खुदाई व सफाई का काम पूरा भी हो चुका है। इसी प्रकार दोनों ब्लाकों में चिह्नित 97 नालों में 30 पर काम चालू किया गया है। इसमें चार नालों का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल जिले में 2210 मनरेगा मजदूरों को काम दिया गया है। सभी से सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मजदूरों को मास्क पहनकर काम करने को कहा गया है।